पुरी में नहाने के दौरान लहरों में समाया झारखंड का छात्र, अनिमेष साव की खोज जारी

जगन्नाथ दर्शन के बाद समुद्र में उतरे छात्र को तेज लहरें बहा ले गईं, परिवार में मातम


 Baharagora


ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर नहाने के दौरान बहरागोड़ा निवासी एक बीटेक छात्र लापता हो गया। जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय अनिमेष साव समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आकर गहरे पानी में बह गया। घटना के बाद से उसकी तलाश जारी है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि अनिमेष साव बहरागोड़ा निवासी सत्यवान साव का इकलौता बेटा था और Siksha ‘O’ Anusandhan University के इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। रविवार को वह अपने दो दोस्तों के साथ जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने गया था।

दर्शन के बाद तीनों दोस्त पुरी समुद्र तट पर नहाने चले गए। इसी दौरान समुद्र में उठी तेज और ऊंची लहर अनिमेष को गहरे पानी की ओर खींच ले गई। देखते ही देखते वह लहरों में लापता हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा पुलिस और तटरक्षक बल की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों और बचाव दल की मदद से समुद्र किनारे करीब 10 किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

जैसे ही हादसे की खबर बहरागोड़ा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अनिमेष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी पुरी के लिए रवाना हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *