CM हेमंत सोरेन की अगुवाई में JMM ने असम चुनाव के लिए जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, देखें पूरी लिस्ट

झामुमो के 20 नेता असम में संभालेंगे चुनाव प्रचार, निर्वाचन आयोग से मांगी अनुमति


RANCHI


झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आगामी असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने प्रमुख प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस संबंध में पार्टी की ओर से भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर केंद्रीय स्तर के नेताओं को चुनाव प्रचार की अनुमति देने तथा उनके उपयोग में आने वाले वाहनों के लिए पास जारी करने का अनुरोध किया गया है।

पार्टी अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रचार अभियान में शामिल प्रमुख नेताओं में डॉ. सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडेय, जोबा माझी, अभिषेक प्रसाद, पंकज मिश्रा, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, डॉ. महुआ माजी, हफीजुल हसन, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, जिगा सुशरण होरो, विकास मुंडा, एम.टी. राजा, आलोक सोरेन और डॉ. लुईस मरांडी शामिल हैं।

पार्टी ने निर्वाचन आयोग को भेजे पत्र में बताया है कि ये सभी नेता असम के विभिन्न इलाकों में हवाई, सड़क और रेल मार्ग से यात्रा कर चुनाव प्रचार करेंगे। इसलिए उनके उपयोग में आने वाले वाहनों को राज्य की सीमा के भीतर चलाने के लिए अनुमति पत्र जारी करने का आग्रह किया गया है।

झामुमो की केंद्रीय समिति की ओर से भेजे गए इस पत्र पर विनोद कुमार पांडेय के हस्ताक्षर हैं। इसमें निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया गया है कि आगामी असम विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रचार अभियान को आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *