सीएम हेमंत सोरेन ने किया जोहारग्राम शोरूम का शुभारंभ, आदिवासी संस्कृति को मिलेगा नया मंच


RANCHI


झारखंड की राजधानी रांची में आदिवासी कला और परंपरागत परिधानों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को करमटोली चौक के समीप “जोहारग्राम – मेड इन झारखंड” शोरूम का फीता काटकर शुभारंभ किया।

इस शोरूम में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के ट्राइबल कपड़े उपलब्ध होंगे। यहां आदिवासी साड़ियां, टी-शर्ट, बंडी और पारंपरिक जनजातीय पहनावे समेत कई तरह के उत्पाद बिक्री के लिए रखे गए हैं।

उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी कला, संस्कृति और पारंपरिक पहचान को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी परिधान, ज्वेलरी, व्यंजन और अन्य पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करने से न सिर्फ संस्कृति को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को भी लाभ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के शोरूम खुलने से लोगों के बीच ट्राइबल परिधानों और संस्कृति के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलेगा।

इस अवसर पर शोरूम के संचालक आशीष सत्यव्रत साहू ने मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *