नौकरी की तलाश में दिल्ली गया धनबाद का युवक बना हत्या का शिकार, कतरास में पसरा मातम


Dhanbad

झारखंड के धनबाद जिले के कतरास जोगता थाना क्षेत्र के तेतुलमुड़ी बस्ती निवासी 34 वर्षीय आनंद गोस्वामी की दिल्ली के गुरुग्राम इलाके में हत्या कर दी गई। बुधवार रात बसंत होटल के पास हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार देर शाम जब आनंद गोस्वामी का शव उनके घर तेतुलमुड़ी लाया गया, तो परिवार में मातम छा गया। घर पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आनंद के जीजा रमेश गोस्वामी कोलकाता से दिल्ली पहुंचे और वहां से शव लेकर गांव लौटे। मृतक की मां पुष्पा देवी, पिता संतोष गोस्वामी, छोटा भाई अजय गोस्वामी, पत्नी माला देवी और उनके दो बेटियों व एक बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि आनंद गोस्वामी करीब 10 दिन पहले नौकरी की तलाश में गुरुग्राम गया था। वहां वह बसंत होटल में ठहरा हुआ था और एक कंप्यूटर सेक्शन में काम की तलाश कर रहा था।

इसी दौरान होटल के पास कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

फिलहाल पांच थाना क्षेत्र की पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार आनंद एक मेहनती और होनहार युवक था। उसकी असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *