Cylinder Distribution Monitored By Officials After Chaos In Bihar Cities
Patna / Muzaffarpur
बिहार के दो बड़े शहरों पटना और मुजफ्फरपुर में गैस सिलेंडर को लेकर अलग-अलग हालात देखने को मिले। जहां पटना में सिलेंडर आपूर्ति को लेकर अफवाहों के बीच लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा, वहीं मुजफ्फरपुर में प्रशासन ने व्यवस्था संभालने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस की निगरानी में गैस वितरण कराने का फैसला किया है।
राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित एक गैस एजेंसी पर उस समय हंगामा हो गया, जब बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंचे और एजेंसी बंद मिली। एजेंसी पर ताला लटका देख लोग भड़क उठे और आक्रोशित भीड़ ने नया टोला के बारी पथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया। इससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर पीरबहोर और कदमकुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम हटवाया। एजेंसी प्रबंधन की ओर से बताया गया कि गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अफवाहों के कारण लोग ज्यादा संख्या में सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। एहतियातन कुछ समय के लिए एजेंसी बंद की गई थी, जिसे बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोबारा खोल दिया गया।
इधर मुजफ्फरपुर में गैस वितरण को लेकर प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। अब जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती में सिलेंडर का वितरण कराया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के समय पर गैस मिल सके।
इस व्यवस्था को लागू करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी आकांक्षा आनंद ने अलग-अलग गैस वितरण केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। प्रशासन का कहना है कि इससे वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुव्यवस्थित होगी तथा किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी या अनियमितता को रोका जा सकेगा।
प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को तय मानकों के अनुसार पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था से वितरण प्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी और लोगों को समय पर सिलेंडर मिल सकेगा।
