RANCHI
हटिया विधानसभा के विधायक नवीन जायसवाल की स्नातक डिग्री को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वर्ष 2021 में जेएन कॉलेज धुर्वा से नागपुरी विषय में स्नातक करने और टॉपर होने का उनका दावा अब सवालों के घेरे में है।
सार्वजनिक जानकारी के अनुसार, नवीन जायसवाल ने वर्ष 1990 में इंटरमीडिएट परीक्षा पास की थी। इसके बाद वर्ष 2021 में उन्होंने नागपुरी विषय से स्नातक किया। जारी मार्कशीट के मुताबिक उन्हें 8.27 सीजीपीए अंक प्राप्त हुए और वे प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए।
छात्र नेता विशाल यादव ने आरटीआई के तहत जानकारी हासिल करने का दावा करते हुए कहा है कि विधायक नागपुरी विषय में टॉपर रहे हैं। हालांकि कॉलेज प्रशासन ने उनकी कक्षा में उपस्थिति से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। बताया गया कि संबंधित अटेंडेंस रजिस्टर उपलब्ध नहीं है। नागपुरी विषय के विभागाध्यक्ष के सेवानिवृत्त होने के बाद रजिस्टर नहीं मिलने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में इसी कॉलेज से नागपुरी विषय की परीक्षा पास करने वालों में भाजपा नेता आशा लकड़ा भी शामिल हैं। उन्हें 7.1 सीजीपीए अंक मिले और वे द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुईं।
दूसरी ओर, डिग्री पर झामुमो ने सवाल खड़ा किया है। केंद्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार पांडेय उर्फ बब्लू पांडेय ने कहा है कि नागपुरी भाषा से बीए की परीक्षा में टॉप करने वाले विधायक नवीन जायसवाल को अब यूपीएससी की परीक्षा भी क्रैक करनी चाहिए। वहीं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव का कहना है कि 8 से अधिक सीजीपीए लाने वाले नवीन जायसवाल के ज्ञान का लाभ राज्य के विद्यार्थियों को भी मिलनी चाहिए। हालांकि अपनी डिग्री पर विधायक नवीन जायसवाल का कहना है कि पढ़ाई की कोई उम्र सीमा नहीं होती। वह दक्षिणी छोटानागपुर के रहने वाले हैं। इस क्षेत्र में नागपुरी क्षेत्रीय भाषा है। इसका ज्ञान होना ही चाहिए। कहा, किसी को आपत्ति है तो वो जांच करा ले।
