RANCHI
गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भावुक संदेश साझा किया। अपने पोस्ट में उन्होंने उन्हें “मेरी जीवन संगिनी और सबसे बड़ी ताकत” बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सीएम ने लिखा कि संघर्ष के दिनों से लेकर आज तक कल्पना सोरेन ने हर कदम पर उनका अडिग साथ निभाया है। उन्होंने कहा कि हर चुनौती का डटकर सामना करने के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर परिवार और जनता की सेवा में भी उन्होंने निरंतर योगदान दिया।
हेमंत सोरेन ने आगे लिखा कि उनका साथ उन्हें हौसला देता है और उनका विश्वास आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मरांग बुरु से उनके स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।
इधर, जन्मदिन के मौके पर कल्पना सोरेन को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, विधायक लुईस मरांडी, विधायक ममता देवी, पूर्व विधायक मिथिलेश ठाकुर, राजीव रंजन प्रसाद, झारखंड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर तथा अरुण साहू सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं भेजीं।
दिनभर सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संदेशों के जरिए बधाइयों का सिलसिला जारी रहा। समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
