झारखंड बजट 2026-27: 100 CM Excellence Schools की सौगात, बाल व जेंडर बजट को मिला अलग दर्जा

शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण पर फोकस, 12 लाख छात्राओं को मुफ्त सेनेटरी पैड

Ranchi

झारखंड विधानसभा में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया गया। बजट में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए राज्य सरकार ने 100 नए CM School of Excellence (उत्कृष्ट विद्यालय) खोलने की घोषणा की है। इन विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से CBSE पैटर्न पर पढ़ाई शुरू होगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस योजना को पहले ही स्वीकृति दे चुके हैं। सरकार का लक्ष्य है कि चयनित विद्यालयों को छह माह के भीतर CBSE से संबद्धता मिल जाए। प्रस्तावित स्कूलों का संबंधित अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जाएगा और विस्तृत रिपोर्ट झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को सौंपी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विद्यालयों के चयन की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है।

छात्राओं के स्वास्थ्य पर विशेष पहल

बजट में किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 12 लाख छात्राओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। सरकार का उद्देश्य स्कूलों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

बाल और जेंडर बजट पर विशेष जोर

वित्तीय वर्ष 2026-27 में बाल कल्याण योजनाओं के लिए अलग से बाल बजट का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए जेंडर बजट को भी व्यवस्थित रूप से शामिल किया गया है। सरकार का कहना है कि इससे योजनाओं की मॉनिटरिंग और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।

कैंसर उपचार के लिए विशेष राशि

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी अहम घोषणा करते हुए कैंसर उपचार के लिए विशेष बजट प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार का दावा है कि इससे झारखंड में गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें दीर्घकालिक विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम प्रस्तावित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *