श्री योग वेदांत सेवा समिति जरियागढ़ की ओर से मातृ-पितृ पूजन संपन्न, श्रद्धा और संस्कार का संगम

Khunti/Ranchi

श्री योग वेदांत सेवा समिति जरियागढ़ के तत्वावधान में शनिवार को जरियागढ़ में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भावनात्मक वातावरण एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों एवं अभिभावकों ने भाग लेकर पारिवारिक संस्कारों और भारतीय परंपरा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपने माता-पिता को ऊँचे आसन पर विराजमान कर पुष्पमालाएँ पहनाईं, तिलक लगाया तथा पूजा-थाली के साथ विधिवत पूजन-अर्चना की। यह दृश्य इतना भावपूर्ण रहा कि उपस्थित अनेक अभिभावक भावविभोर हो उठे और उनकी आँखें खुशी से छलक पड़ीं।

इस अवसर पर बच्चों ने जीवन भर माता-पिता का सम्मान करने, उनकी सेवा करने तथा कभी भी उनका तिरस्कार न करने का संकल्प लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों को गले लगाकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने मातृ-पितृ पूजन अभियान के प्रेरणास्रोत संत आशारामजी बापू के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए इस आयोजन की सराहना की। आयोजन में जरियागढ़, जम्हार, बकसपुर, मुरुचकेल एवं गोविंदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों माता-पिता उपस्थित रहे।

पूर्णाहुति के पश्चात समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष महाबीर मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ताओं और साधकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *