विधानसभा हुई डिजिटलाइज, पेपरलेस होंगे विधायी कार्य, CM हेमंत बोले- देर रात सदन पहुंचकर कागजी औपचारिकताओं की जरूरत नहीं



RANCHI

षष्ठ्म झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र-2026 के दौरान राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) परियोजना के तहत आयोजित प्रशिक्षण एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने विधानसभा परिसर में NeVA सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में NeVA सेवा केंद्र की शुरुआत एक नए अध्याय की तरह है। राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन के माध्यम से अब विधायी कार्य डिजिटल और पेपरलेस तरीके से संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से माननीय सदस्यगण सत्र के दौरान प्रश्न दाखिल करने सहित अन्य प्रक्रियाएं समयबद्ध और सरल तरीके से पूरी कर सकेंगे। देर रात तक विधानसभा पहुंचकर कागजी औपचारिकताएं पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे सदस्यों और कर्मचारियों दोनों को सहूलियत मिलेगी।
20 राज्यों में लागू, झारखंड भी जुड़ा
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के लगभग 20 राज्यों की विधानसभाओं में NeVA के माध्यम से डिजिटल प्रणाली लागू की जा चुकी है। झारखंड में भी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायकों को टैबलेट प्रदान किए गए, ताकि वे एप्लीकेशन के जरिए विधायी कार्य आसानी से कर सकें। आगामी सत्रों में भी अधिकतर कार्य NeVA के माध्यम से ही संपन्न किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आज मोबाइल फोन के माध्यम से बैंकिंग और कई आधिकारिक कार्य हो रहे हैं, ऐसे में विधानसभा का डिजिटाइजेशन समय की मांग है।
बेहतर समन्वय और रफ्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के बाद झारखंड बेहतर दिशा में आगे बढ़ रहा है। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो के प्रयासों से सदन की कार्यप्रणाली पेपरलेस प्रणाली की ओर बढ़ रही है। डिजिटल माध्यम से बेहतर समन्वय बनेगा और कार्यों में पारदर्शिता तथा गति आएगी। कागजों के बंडलों में कमी आएगी और प्रक्रियाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी डिजिटल प्रणाली को अपनाने से पहले प्रशिक्षण और सुरक्षा जरूरी है। साइबर अपराध वर्तमान समय की बड़ी चुनौती है, इसलिए NeVA की सुरक्षा प्रणाली को समझना और सतर्क रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से माननीय सदस्यों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी मंत्रियों और विधायकों को टैबलेट प्रदान किए। इस अवसर पर मंत्रीगण, विधायकगण, अधिकारी और विधानसभा कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *