गोड्डा में सनसनीखेज वारदात, जज की पत्नी पर अंधाधुंध फायरिंग, हालत गंभीर; तीन गोलियां लगीं

GODDA


गोड्डा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के पास अज्ञात अपराधियों ने एक महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घायल महिला की पहचान वंदना कुमारी के रूप में हुई है, जो सासाराम (बिहार) में पदस्थापित जुडिशियल मजिस्ट्रेट संतोष कुमार साह की पत्नी बताई जा रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वंदना कुमारी जब गांधीग्राम के समीप से गुजर रही थीं, उसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां महिला को लगीं।
फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तुरंत पथरगामा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल वंदना कुमारी की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला न्यायिक अधिकारी के परिवार से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन इसे संवेदनशीलता से लेते हुए हर पहलू से छानबीन कर रहा है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला आपसी रंजिश का परिणाम है या लूटपाट के इरादे से की गई वारदात। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। समाचार लिखे जाने तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *