JAMSHEDPUR: कालीमाटी स्कूल में शिक्षकों की विदाई, विधायक पूर्णिमा दास साहू ने की सुविधाओं की पड़ताल


JAMSHEDPUR

जेम्को आज़ाद बस्ती स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में शुक्रवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय में प्रतिनियोजन पर कार्यरत दो प्रशिक्षित सहायक आचार्य—बत्ती बाला सिंह और अशोक कुमार दास—के सम्मान में आयोजित किया गया था।

शिक्षा विभाग के आदेशानुसार दोनों शिक्षकों को अपने मूल पदस्थापित विद्यालयों में योगदान देने के लिए कार्यमुक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने भावभीनी विदाई दी। दोनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से पढ़ाई करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भी अपने शिक्षकों को भावुक माहौल में विदा किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी सामने आया। विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा जिला शिक्षा अधीक्षक को स्थिति से अवगत कराते हुए नए शिक्षकों की नियुक्ति का अनुरोध किया गया, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए दो नए शिक्षकों की पदस्थापना की गई। इसके लिए विद्यालय परिवार की ओर से जिला शिक्षा अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इसी क्रम में जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू का विद्यालय आगमन हुआ। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें स्कूल की विभिन्न बुनियादी समस्याओं से अवगत कराया गया। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि विद्यालय से जुड़ी सभी आवश्यकताओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, शिक्षक राकेश कुमार, करनदीप सिंह, अंजू वर्मा, रितु कुमारी, रोहित कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *