जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा के पास मिला मोबाइल, सदर थाने में FIR दर्ज

Ranchi/Chaibasa

झारखंड की जेलों में बंद अपराधियों तक मोबाइल पहुंचने का मामला एक बार फिर सामने आया है। कुख्यात गैंगस्टर रिया सिन्हा को रांची जेल से चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित किए जाने के दौरान तलाशी में उसके पास से एक स्मार्टफोन, चार सिम कार्ड, चार्जर और एडॉप्टर बरामद किया गया। बरामदगी के बाद चाईबासा सदर थाना में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है मामला?

रिया सिन्हा को रांची पुलिस ने पहले गिरफ्तार कर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेजा था। बाद में जेल प्रशासन के आदेश पर उसे चाईबासा मंडल कारा स्थानांतरित किया गया। चाईबासा जेल में प्रवेश से पहले महिला पुलिस अधिकारी द्वारा की गई तलाशी के दौरान उसके ब्लेजर से एक स्मार्टफोन, सिम कार्ड, चार्जर और एडॉप्टर बरामद किए गए। मोबाइल बरामद होने के बाद चाईबासा सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो के बयान पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जेल के अंदर या शिफ्टिंग के दौरान रिया सिन्हा तक मोबाइल और अन्य सामान कैसे पहुंचा।

कौन है रिया सिन्हा?

रिया सिन्हा झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी है और कई आपराधिक मामलों में आरोपी है। अक्टूबर 2025 में रांची पुलिस द्वारा प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ था कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान गिरोह के बीच संपर्क का काम रिया सिन्हा करती थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

सुजीत सिन्हा भी जेल में बंद

रिया का पति सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात अपराधी है और फिलहाल साहिबगंज जेल में बंद है। उस पर रंगदारी, हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *