कांग्रेस का मीडिया टैलेंट हंट: नए और ऊर्जावान चेहरों से संगठन को मिलेगी मजबूती- केशव महतो कमलेश

RANCHI

मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों का अंतिम साक्षात्कार और विभिन्न चरणों की जांच प्रक्रिया कांग्रेस भवन में पूरी की गई। इस दौरान झारखंड के अलग-अलग जिलों से आए प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि टैलेंट हंट के माध्यम से झारखंड की उन प्रतिभाओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कांग्रेस की नीतियों और सिद्धांतों में विश्वास रखते हैं तथा पार्टी के विचारों को प्रभावशाली तरीके से जनता तक पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के जरिए ऐसे लोगों को संगठन से जोड़ा जा रहा है, जिन्हें अब तक अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच नहीं मिल पाया था।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया से चयनित प्रतिभागियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया एवं संचार विभाग से जुड़े दायित्व सौंपे जाएंगे। नए और ऊर्जावान लोगों के संगठन से जुड़ने से कांग्रेस को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि टैलेंट हंट के अंतिम चरण में कुल 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों की क्षमता का आकलन लेखन, ग्रुप डिस्कशन, मौखिक साक्षात्कार सहित विभिन्न स्तरों पर किया गया, ताकि अंतिम रूप से चुने गए लोग संगठन को अधिक प्रभावी ढंग से मजबूत कर सकें।

उन्होंने बताया कि करीब एक माह से चल रही इस प्रक्रिया के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने कांग्रेस से जुड़ने की इच्छा जताई थी। अंतिम साक्षात्कार में मुख्य रूप से टैलेंट हंट के झारखंड कोऑर्डिनेटर डॉ हामिद हुसैन, मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, वरिष्ठ पत्रकार शशि सिंह और राकेश रंजन ने प्रतिभागियों का विभिन्न चरणों में मूल्यांकन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *