CM हेमंत सोरेन से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात


RANCHI

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में “फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज” (FJCCI) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में औद्योगिक विकास, नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग जगत के समक्ष आ रही व्यवहारिक चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और झारखंड के आर्थिक सशक्तिकरण में फेडरेशन की भूमिका अहम रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि उद्योगों को सुगम और अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य में व्यवसाय के अनुकूल माहौल बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, मनीष श्राफ और डॉ. अभिषेक रामाधीन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *