New delhi
राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक चलती कार में अचानक विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई, जिससे लोगों में अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल यह साफ नहीं है कि विस्फोट की वजह क्या थी। शुरुआती जांच में यह मामला सामान्य ब्लास्ट नहीं लग रहा, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि बिना एक्सपर्ट रिपोर्ट के कुछ कहना जल्दबाजी होगी। गौरतलब है कि यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है, क्योंकि इसके ठीक सामने चांदनी चौक स्थित है और इस समय वहां ट्रैफिक भी काफी रहता है।
घटनास्थल से कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली है, हालांकि उनकी स्थिति के बारे में आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है। जांच एजेंसियां हर एंगल से घटना की पड़ताल कर रही हैं।
