RANCHI
15 दिनों से परीक्षा धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों और सरकार के बीच चल रही बातचीत फिलहाल खत्म हो गई है। वार्ता में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनने की खबर है। इसके तहत सरकार 14वीं जेपीएससी पीटी समेत तीन परीक्षाएं रद्द करने की तैयारी में है। इनमें बैकलॉग की दो परीक्षाएं भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, सरकार टीडीपीएल एजेंसी द्वारा कराई गई सभी परीक्षाओं की जांच कराने पर भी सहमत हुई है। परीक्षा धांधली में कथित वित्तीय लेन-देन की जांच ईडी से कराने की मांग पर भी सरकार ने सकारात्मक रुख दिखाया है।
वार्ता में जेपीएससी और जेएसएससी में सुधार के लिए एक कमेटी गठित करने पर भी सहमति बनी है। इस कमेटी में आईआईएम और एक्सआईएसएस जैसे संस्थानों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा ईमेल के जरिये आम लोगों से मांगे गए सुझावों में से भी कुछ लोगों को कमेटी में शामिल किया जाएगा।
परीक्षाओं की सीआईडी और सीबीआई जांच की मांग पर भी सरकार ने ध्यान दिया है। जानकारी के अनुसार, विवादित परीक्षा की न्यायिक जांच कराने पर भी सरकार सहमत हो गई है। 15 दिनों से जारी छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार और छात्रों के बीच बनी यह सहमति परीक्षा विवाद के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
