छात्रों पर पेलेट गन और लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी का अमित शाह से सवाल- मंजूरी किसने दी?

NEW DELHI

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुई कथित हिंसक कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किया है। उन्होंने पूछा है कि छात्रों पर पेलेट गन, लाठी और आंसू गैस के इस्तेमाल की अनुमति किसने दी थी।

राहुल गांधी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पेलेट गन, लाठियों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने बताया कि वह 19 वर्षीय साहिल लोचब से मिले, जिसे पेलेट लगी है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा है।

राहुल गांधी ने कहा कि साहिल का ‘अपराध’ सिर्फ इतना था कि वह पेपर लीक खत्म करने और छात्रों के बेहतर भविष्य की मांग कर रहा था।

उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से दो सवाल पूछे। राहुल गांधी ने कहा, “क्या आपने छात्रों के खिलाफ पेलेट गन समेत जानलेवा ताकत के इस्तेमाल को मंजूरी दी थी? अगर नहीं, तो इसकी मंजूरी किसने दी?”

उन्होंने दूसरा सवाल करते हुए पूछा, “सादे कपड़ों में जो लोग छात्रों को लाठियों से पीट रहे थे, क्या वे पुलिसकर्मी थे या वॉलंटियर? उन्हें तैनात करने की इजाजत किसने दी?”

राहुल गांधी ने कहा कि देश इन सवालों का जवाब मांग रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *