राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम के दान पर उठे सवाल, चढ़वा में मिली राशि की होगी जांच

Guwahati/Dehradun

सोशल मीडिया पर दान और चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर उठे सवालों के बीच बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने बद्रीनाथ धाम में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के आदेश दे दिए हैं। समिति ने मामले को संवेदनशील बताते हुए जांच समिति गठित करने और संबंधित कर्मचारियों से जवाब तलब करने का फैसला किया है।

आस्था से जुड़ा मामला, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक कर्मचारी को अपना निजी सचिव बताए जाने के दावों का भी खंडन किया।

CCTV फुटेज और बयानों की हो रही जांच

मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रंगद ने बताया कि जांच टीम उपलब्ध साक्ष्यों, CCTV फुटेज और संबंधित लोगों के बयानों की समीक्षा कर रही है। शुरुआती जांच में अभी तक कोई ठोस अनियमितता सामने नहीं आई है, लेकिन जांच प्रक्रिया जारी है। दान की गिनती वाले कक्ष में कई CCTV कैमरे लगे होने की बात भी अधिकारियों ने कही है।

अयोध्या प्रकरण के बाद बढ़ी सतर्कता

यह पूरा घटनाक्रम अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ियों के बाद सामने आया है, जिसके चलते देशभर में मंदिरों के दान प्रबंधन को लेकर निगरानी और पारदर्शिता की मांग तेज हुई है। BKTC ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *