CM हेमंत सोरेन कल सौंपेंगे 262 को नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य विभाग में चयनित अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

RANCHI

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार, 24 जून को स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा, जिसके तहत नवचयनित अधिकारियों और विशेषज्ञों को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह पूर्वाह्न 11:30 बजे प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार, धुर्वा, रांची में आयोजित होगा। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा आधारित चयनित विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी, सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और बेहतर प्रबंधन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को विभाग के लिए अहम माना जा रहा है।

राज्य सरकार का मानना है कि नई नियुक्तियों से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा अस्पतालों में प्रबंधन और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागीय अधिकारी, चयनित अभ्यर्थी तथा मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *