RANCHI
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रांची विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती दीक्षांत मंडप में रविवार सुबह भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस आयोजन में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, योग प्रशिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर योग के प्रति जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और आज के तनावपूर्ण जीवन में मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने लोगों से नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि डिजिटल युग में बढ़ते स्क्रीन टाइम और बदलती जीवनशैली के कारण स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर योगासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता युवा पीढ़ी को योग और फिटनेस के प्रति प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास भी कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। आयोजन में रक्षा राज्य मंत्री, रांची विधायक, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
