DHANBAD: स्लरी में दबकर 4 मज़दूरों की मौत, कई के फंसे होने की आशंका

Dhanbad

शनिवार को झारखंड के धनबाद स्थित BCCL संचालित मुनिडीह वॉशरी में बड़ा हादसा हो गया। यहां गीले कोयले (स्लरी) के ढेर के अचानक ढह जाने से कम से कम चार मज़दूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के अब भी मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मृतकों की पहचान प्रेम बाउरी, मानिक बाउरी, दीपक बाउरी और नारायण यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर असंगठित क्षेत्र से जुड़े थे और स्लरी लोडिंग का काम कर रहे थे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मुनिडीह चौकी प्रभारी मनीता कुमारी ने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, NDRF और BCCL की टीम मिलकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है ताकि स्लरी के नीचे दबे अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर स्लरी के ढेर से लोडिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक स्लरी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। कुछ मजदूर समय रहते भाग निकले, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए।

मजदूर जितेंद्र कुमार ने बताया कि लोडिंग का काम सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक स्लरी का ढेर ढह गया और सीधे मजदूरों पर गिर पड़ा। उन्होंने कहा कि घटना इतनी तेजी से हुई कि कई लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

फिलहाल बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। इस हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *