SURAT
गुजरात के सूरत शहर में मंगलवार को भीषण अग्निकांड ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। लिंबायत इलाके के मीठी खाड़ी क्षेत्र में स्थित एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और एक मासूम बच्चा शामिल है।
जानकारी के अनुसार, जिस मकान में आग लगी वहां साड़ी पैकिंग का काम किया जाता था। घटना के समय परिवार के सदस्य फोम शीट की मदद से साड़ियों की पैकिंग कर रहे थे। छुट्टी का दिन होने के कारण घर में बड़ी मात्रा में फोम और अन्य सामान जमा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरा कमरा धुएं से भर गया।
उप पुलिस आयुक्त कानन देसाई के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे में जहरीला धुआं फैल चुका था, जिससे अंदर मौजूद लोगों का दम घुटने लगा। सभी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बिजली के बोर्ड में चिंगारी से आग लगी। पास में रखी फोम शीट ने तेजी से आग को फैलाया और उससे जहरीली गैस निकलने लगी। इसी जहरीले धुएं के कारण परिवार के सदस्य बेहोश हो गए और उनकी जान चली गई।
बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और सूरत में मजदूरी कर साड़ी पैकिंग का काम करते थे। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर काम पर गए हुए थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घर के अंदर ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। परिवार के लोग बचने के लिए दूसरे कमरे की ओर भागे, लेकिन वहां भी धुआं पहुंच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
