नोएडा में मजदूरों का उग्र प्रदर्शन जारी, 5वें दिन भी हिंसा; 7 FIR दर्ज, 300 से अधिक गिरफ्तार



NEW DELHI

नोएडा में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन पांचवें दिन भी उग्र बना रहा। कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पर पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं।

ताजा जानकारी के अनुसार, फेज़-2 और सेक्टर 121 इलाके में बड़ी संख्या में मजदूर इकट्ठा हुए, जहां स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस की कार्रवाई तेज, सैकड़ों लोग गिरफ्तार

गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि अब तक 7 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल और लोगों को उकसाने वालों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा रहा है, और आने वाले दिनों में कार्रवाई और तेज होगी।

सोशल मीडिया के जरिए उकसावे का आरोप

पुलिस के अनुसार, कुछ संगठित समूह सोशल मीडिया के जरिए मजदूरों को भड़काने में लगे हुए हैं। फर्जी अकाउंट बनाकर हिंसा और आगजनी के लिए उकसाया जा रहा है।

इसके अलावा, व्हाट्सऐप ग्रुप्स के जरिए QR कोड स्कैन कर लोगों को जोड़ने और आंदोलन को संगठित करने की बात भी सामने आई है।

स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए रूट मार्च जारी

स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने कई इलाकों में सेक्टर प्लान लागू किया है। Rapid Action Force और Provincial Armed Constabulary की मदद से लगातार रूट मार्च किया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि सरकार मजदूरों की समस्याओं को समझती है और समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। वेतन बढ़ोतरी को लेकर फैसला जल्द आने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *