RANCHI
मऊ में तड़के भीषण हादसा, इलाके में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के मऊ जिला में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर शनिवार तड़के करीब 3 बजे स्कॉर्पियो कार और एक ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
बेटी की शादी से लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी संपन्न कराकर वापस गोरखपुर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। खुशियों से भरी यात्रा अचानक मातम में बदल गई, जिससे परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान, सभी एक ही वाहन में सवार थे
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गोरखपुर के रानीडीहा निवासी विनय वास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना वास्तव (48) और पुत्र कृतार्थ वास्तव (27) के रूप में हुई है। इसके अलावा गया के मटीहानी निवासी रविन्द्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) भी इस दुर्घटना में मारे गए। सभी लोग एक ही स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे।
पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों की पड़ताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
