बंद कमरे में मिला छात्र का शव
PATNA
राजधानी पटना के एक हॉस्टल में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान श्रेयम् के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरपुर के भगवानपुर का निवासी था। वह पिछले दो वर्षों से पटना के नालंदा रेजिडेंसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
कमरे से मिला जहरीला पदार्थ और नोट
घटना एसकेपुरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जब काफी देर तक दरवाज़ा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला, तो साथ रहने वाले छात्रों ने दरवाज़ा तोड़ा। अंदर श्रेयम् बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिला।
कमरे की तलाशी के दौरान एक जहरीले पदार्थ का डिब्बा (सोडियम एज़ाइड) और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस को आशंका है कि नोट उसी छात्र ने लिखा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
व्यवहार में बदलाव से बढ़ी चिंता
हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से श्रेयम् का व्यवहार बदला हुआ लग रहा था। वह पहले की तुलना में ज्यादा चुप और अकेला रहने लगा था।
एक छात्र ने बताया कि हाल ही में बातचीत के दौरान भी वह काफी परेशान और गुमसुम दिखाई दे रहा था। घटना से एक रात पहले उसके कमरे से देर तक फोन पर बात करने की आवाजें भी सुनी गई थीं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दरवाज़ा खुलने के बाद हॉस्टल प्रबंधन और छात्रों ने उसे संभालने की कोशिश की और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई। कमरे से मिले सभी सामान जैसे जहरीले पदार्थ का डिब्बा, बर्तन और अन्य वस्तुएं जब्त कर ली गई हैं। कमरे को फिलहाल सील कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा होगा।
