मंत्री शिल्पी नेहा का संदेश: गांवों की प्रतिभा बदलेगी झारखंड का भविष्य, चान्हो में मेधावी छात्रों का सम्मान

RANCHI

चान्हो प्रखंड मुख्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह में मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति-चिह्न देकर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने संबोधन में कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में पिछले करीब दो दशकों से आयोजित यह समारोह प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का महत्वपूर्ण माध्यम बना हुआ है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं की मेहनत, संघर्ष और सपनों का उत्सव भी है।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही सफलता का आधार है। सकारात्मक सोच और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी हर चुनौती को अवसर में बदल सकते हैं।

मंत्री ने डिजिटल युग की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक ने शिक्षा के नए द्वार खोले हैं, लेकिन इसके दुष्प्रभावों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कम उम्र में बच्चों का अनुचित डिजिटल सामग्री तक पहुंचना चिंता का विषय है। ऐसे समय में अभिभावकों और शिक्षकों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वे बच्चों का सही मार्गदर्शन करें और उनके साथ संवाद बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक विद्यार्थी सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और अथक परिश्रम से उल्लेखनीय सफलता हासिल कर रहे हैं। ऐसे छात्रों का सम्मान पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मैट्रिक परीक्षा में श्रेया कुमारी ने किया प्रखंड टॉप

मैट्रिक परीक्षा में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बिजुपाड़ा की श्रेया कुमारी ने 481 अंक (96.2 प्रतिशत) हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की खुशी कुमारी 467 अंक (93.4 प्रतिशत) के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि प्रोजेक्ट गर्ल्स +2 हाई स्कूल, ओपा की आंचल कुमारी ने 465 अंक (93 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

वाणिज्य संकाय में आयुष भगत रहे अव्वल

इंटरमीडिएट वाणिज्य वर्ग में एस.वी.बी.बी. इंटर कॉलेज, चान्हो के आयुष भगत ने 415 अंक (83 प्रतिशत) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। आरती कुमारी 414 अंक (82.8 प्रतिशत) के साथ दूसरे और नितेश ओझा 403 अंक (80.6 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

कला संकाय में रूपा कुमारी ने लहराया परचम

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, चान्हो की रूपा कुमारी ने 434 अंक (86.8 प्रतिशत) प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। सेजल कुमारी ने 432 अंक (86.4 प्रतिशत) के साथ दूसरा और आरती कुमारी ने 421 अंक (84.2 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विज्ञान वर्ग में खुशबू उरांव बनीं टॉपर

प्रोजेक्ट +2 हाई स्कूल, दुगदुगिया मैदान, बेयासी की खुशबू उरांव ने 411 अंक (82.2 प्रतिशत) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। किसान +2 हाई स्कूल, पतरातू की मोकब्बेरा अफरीन 392 अंक (78.4 प्रतिशत) के साथ दूसरे और नौशीन अर्शी 382 अंक (76.4 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

समारोह में सभी मेधावी विद्यार्थियों को मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।

पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि मांडर विधानसभा क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मांडर और बेड़ो कॉलेजों के आधारभूत ढांचे में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं और शिक्षा के क्षेत्र में कई विकास कार्य जारी हैं। उनका उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे वे शहरी क्षेत्रों के छात्रों के साथ समान स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।

कार्यक्रम में चान्हो प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मो. इस्तियाक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, मुखिया शिव उरांव, प्रियंका उरांव, जुल्फान अंसारी, सांसद प्रतिनिधि मो. गयास, इरशाद खान, अब्दुल्लाह अंसारी, दिलीप सिंह, अजीत सिंह, दिनेश राम, मो. अमान, जीवन मिंज, आनंद मिंज, जावेद अहमद, झारीता उरांव, कुरबान अंसारी, बबलू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *