नगर निकाय चुनाव: मेदिनीनगर में अरुणा शंकर का नामांकन, गढ़वा जिले में तीसरे दिन तेज हुई प्रक्रिया

Medininagar/Gadhwa


मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार को पूर्व मेयर अरुणा शंकर ने मेयर प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नामांकन से पहले अरुणा शंकर ने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ नगर भ्रमण किया। जुलूस के दौरान समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। नारेबाजी करते हुए समर्थक समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में अरुणा शंकर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में दिखाई दे रहा चौमुखी विकास उनके पूर्व कार्यकाल का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि जनता दोबारा मौका देती है, तो नगर निगम क्षेत्र को और अधिक आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा और विकास की रफ्तार और तेज होगी।

इधर, नगर निकाय चुनाव के तीसरे दिन गढ़वा जिले में भी नामांकन प्रक्रिया तेज रही। गढ़वा नगर परिषद, श्रीबंशीधर नगर पंचायत और मंझिआंव नगर पंचायत के लिए कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।

गढ़वा नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 19 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
नगर पंचायत श्रीबंशीधर नगर में अध्यक्ष पद के लिए 03, जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 32 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरे।
वहीं नगर पंचायत मंझिआंव में अध्यक्ष पद के लिए 01 और वार्ड पार्षद पद के लिए 07 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।

नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। मीडिया कोषांग के पदाधिकारियों ने बताया कि आज जिले के एक नगर परिषद और दो नगर पंचायतों के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *