MUMBAI/RANCHI
Kalpana Soren ने मुंबई में महिला एवं बाल विकास समिति की एक्सपोज़र विज़िट के दौरान देश की प्रतिष्ठित संस्था Shri Mahila Griha Udyog Lijjat Papad के कार्यों को करीब से देखा और इसे महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायी मॉडल बताया।
कल्पना सोरेन ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि “लिज्जत” ब्रांड आज केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अपनी पहचान बना चुका है। महिलाओं द्वारा महिलाओं के लिए शुरू किया गया यह प्रयास आत्मनिर्भरता, सहकारिता और सम्मानजनक रोजगार का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “सहकार से समृद्धि” का इससे बेहतर मॉडल शायद ही कहीं देखने को मिले।

महिलाओं की मेहनत और गुणवत्ता से प्रभावित हुईं कल्पना
उन्होंने कहा कि संस्था की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे पापड़, मसाले, आटा और अन्य उत्पाद गुणवत्ता और विश्वास की मिसाल हैं। यह देखकर प्रेरणा मिली कि संगठित प्रयासों के जरिए लाखों महिलाओं को रोजगार और आत्मविश्वास मिला है।
कल्पना सोरेन ने कहा कि महिलाओं की सामूहिक भागीदारी और सहयोग की ताकत ने “लिज्जत” को विश्वस्तरीय पहचान दिलाई है। यही मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
झारखंड में भी बड़े स्तर पर पहल की तैयारी
गांडेय विधायक ने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में झारखंड में भी इस तरह की मुहिम को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना है कि हजारों महिलाओं को जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में कल्पना सोरेन के इस बयान को महिला स्वावलंबन और ग्रामीण रोजगार के नए विजन के रूप में देखा जा रहा है।
