10-11 जनवरी को हुई परीक्षा के पेपर-I और II की आंसर की वेबसाइट पर उपलब्ध
RANCHI
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने छठी उप समाहर्ता (सीमित) प्रतियोगिता परीक्षा की मॉडल उत्तर कुंजी जारी कर दी है। यह परीक्षा झारखंड सरकार के अंतर्गत अनुकंपा के आधार पर कार्यरत कर्मियों के लिए आयोजित की गई थी।
आयोग की ओर से परीक्षा 10 जनवरी 2026 और 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी। प्रथम एवं द्वितीय प्रश्न-पत्र की मॉडल उत्तर कुंजी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर उपलब्ध करा दी गई है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि यदि किसी प्रश्न के उत्तर को लेकर आपत्ति या सुझाव हो तो वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 21 फरवरी 2026 अपराह्न 5:00 बजे से 2 मार्च 2026 अपराह्न 5:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ प्रश्न का क्रमांक, रजिस्ट्रेशन नंबर, सही उत्तर का आधार एवं संबंधित प्रमाण संलग्न करना अनिवार्य होगा। आवेदन उप सचिव-सह-परीक्षा नियंत्रक (प्रशासन), झारखंड लोक सेवा आयोग, सर्कुलर रोड, रांची-834001 के पते पर स्पीड पोस्ट, निबंधित डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, लिफाफे पर परीक्षा का नाम एवं विज्ञापन संख्या अंकित करना अनिवार्य होगा, अन्यथा आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है।
