राष्ट्रीय स्कूली हॉकी: राष्ट्रीय स्कूली हॉकी में झारखंड की धमक, अंडर-14 बालक टीम को कांस्य पदक



Tikamgarh (Madhya Pradesh)

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ स्थित लोधीढोंगा एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में 22 से 27 दिसंबर तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की अंडर-14 बालक हॉकी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया। इस प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों और इकाइयों की टीमों ने भाग लिया।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में उतरी झारखंड टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक खेल, अनुशासन और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। लीग मुकाबलों में टीम ने दिल्ली को 13-0, केरल को 9-0 और जम्मू-कश्मीर को 12-0 से एकतरफा हराया।

नॉकआउट चरण में झारखंड ने प्री-क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक को 8-0 से और क्वार्टर फाइनल में बिहार को 12-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में टीम को उत्तर प्रदेश के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।

इसके बाद तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में झारखंड ने मणिपुर को 14-0 से शिकस्त देकर प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में कोच सैय्यद मोहम्मद मशरूर और मैनेजर राजन गुरुंग का मार्गदर्शन सराहनीय रहा। उनके नेतृत्व में टीम ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोच सैय्यद मोहम्मद मशरूर को बेस्ट कोच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *