RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संथाली फिल्म ‘अंगन’ के निर्देशक रवि राज मुर्मू को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म (निर्देशक)’ का सम्मान मिलने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इसे झारखंड, संथाली समाज और पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली है।
मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त करना रवि राज मुर्मू की मेहनत, प्रतिभा और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘अंगन’ के माध्यम से संथाली भाषा, संस्कृति और लोकजीवन की समृद्ध विरासत को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया है, जिससे झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत हुई है।
हेमंत सोरेन ने कहा कि यह सम्मान केवल एक निर्देशक की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि झारखंड के लोगों और संथाली भाषी समुदाय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य से उभर रहे युवा कलाकार और फिल्म निर्माता अपनी कहानियों, संस्कृति और परंपराओं को सिनेमा के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचा रहे हैं, जो बेहद उत्साहजनक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि रवि राज मुर्मू की यह सफलता झारखंड के युवा फिल्मकारों और कलाकारों को भी अपनी संस्कृति, भाषा और सामाजिक सरोकारों पर आधारित सार्थक सिनेमा बनाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड आज आदिवासी कला, संस्कृति और सिनेमा के क्षेत्र में तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने रवि राज मुर्मू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और झारखंड के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
