RANCHI: लापता कन्हैया मामले में सिलदिरी पहुंचे BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, परिजनों से मुलाकात कर सरकार को दी 7 दिन की चेतावनी

RANCHI

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू शुक्रवार को ग्राम सिलदिरी, शंकर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने 22 नवंबर 2025 से लापता मासूम कन्हैया कुमार के परिजनों से मुलाकात की। 55 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बच्चे का कोई सुराग न मिलने को उन्होंने बेहद पीड़ादायक, दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर चिंता का विषय बताया।

आदित्य साहू ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मानवीय संवेदना के तहत खाद्य सामग्री, कंबल समेत आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। इसके साथ ही कन्हैया कुमार के बड़े भाई के इलाज के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, ताकि मुश्किल समय में परिवार को सहारा मिल सके।

इस दौरान साहू ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्थिति बदतर हो चुकी है और पुलिस प्रशासन आम जनता, गांव, गरीब और किसानों की समस्याओं के प्रति उदासीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जल, जंगल और जमीन की लूट के साथ-साथ अपहरण और बच्चा चोर गिरोह भी सक्रिय हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड पहले से ही चाइल्ड ट्रैफिकिंग की समस्या से जूझ रहा है। हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पिछले चार वर्षों में राज्य से 413 बच्चे लापता हुए हैं, जिनका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उन्होंने यह भी कहा कि धुर्वा क्षेत्र से लापता अंश और अंशिका की बरामदगी मीडिया और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास का नतीजा थी।

उन्होंने रांची एसएसपी से फोन पर बातचीत कर कन्हैया कुमार की अविलंब खोज कर सुरक्षित बरामदगी का आग्रह किया। प्रशासन को चेतावनी देते हुए साहू ने साफ कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई कर बच्चे को नहीं ढूंढा गया, तो रांची बंद का आह्वान किया जाएगा।

आदित्य साहू ने कहा कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि न्याय, संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार से जुड़ा सवाल है। मासूम कन्हैया को न्याय दिलाना सामूहिक जिम्मेदारी है और जब तक न्याय नहीं मिलेगा, संघर्ष जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *