PATNA
बिहार सरकार ने शहरी क्षेत्रों के नागरिकों के लिए वंशावली (Lineage Certificate) जारी करने का अधिकार अब अंचलाधिकारियों (Circle Officers) को सौंप दिया है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को पारदर्शी, सुलभ और समयबद्ध सेवा मिल सकेगी। यह नई व्यवस्था तत्काल लागू कर दी गई है और इसके तहत अब नगर निकायों के अंतर्गत आने वाले नागरिक सीधे अपने क्षेत्र के अंचलाधिकारी से वंशावली प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के आदेश में कहा गया है कि पहले शहरी क्षेत्रों के लिए वंशावली को निर्गत करने की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण लोगों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब अंचलाधिकारी को सक्षम प्राधिकरण घोषित किए जाने से यह समस्या दूर होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी।
इस नए निर्देश के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंच द्वारा जारी होने वाली वंशावली और शहरी क्षेत्रों में अंचलाधिकारी द्वारा जारी वंशावली के बीच सुगम समन्वय स्थापित किया गया है। इससे लोगों को अपने वंश और परिवार से जुड़े दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा होगी और लंबी प्रक्रियाओं से निजात मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री ने कहा है कि भविष्य में इस व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी ताकि नागरिकों को अधिकतम सुविधा उपलब्ध हो सके और सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो।
