झारखंड कांग्रेस में सख्त कार्रवाई: अनुशासनहीनता पर 7 नेताओं का 3 साल के लिए निष्कासन, देखें इनके नाम


RANCHI

झारखंड प्रदेश कांग्रेस समिति की अनुशासन समिति ने पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के मामलों में सख्त कदम उठाते हुए कई नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है। समिति के चेयरमैन डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में यह निर्णय लिया गया।

जारी आदेश के अनुसार, महशर इमाम और सच्चिदानंद सिंह को लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। 13 जनवरी 2026 को नोटिस देने के बाद 18 जनवरी 2026 को उनका जवाब प्राप्त हुआ, जिसे समिति ने असंतोषजनक माना।

वहीं, सिमडेगा और गिरिडीह जिलों से जुड़े नमिता बा, आकाश सिंह, दिलीप तिर्की, शिशिर मिंज और पतरस एक्का पर नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ काम करने का आरोप सिद्ध हुआ। उनके स्पष्टीकरण और जिला अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट हुआ कि इन सभी ने पार्टी अनुशासन का पालन नहीं किया।

अनुशासन समिति ने कांग्रेस संविधान के नियमों की धारा 04 (क), (ख) और (ड़) का उल्लंघन मानते हुए सभी संबंधित नेताओं को तत्काल प्रभाव से तीन वर्षों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *