दिल्ली–जयपुर हाईवे पर मिट्टी धंसी, 7 मजदूर जिंदा दफन, मरने वालों में 2 झारखंड के; पोटका में मातम


Jamshedpur

हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे पर हुए भीषण हादसे में सात मजदूरों की मौत हो गई, जिनमें झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के दो युवक भी शामिल हैं। मृतकों में पोटका थाना क्षेत्र के पोहीत गांव निवासी भागीरथ गोप और संजीव गोप शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों युवक परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कुछ समय पहले ही हरियाणा मजदूरी करने गए थे।

खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, कई मजदूर दबे

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात भिवाड़ी के कापड़ियावास इलाके में सिग्नेचर ग्लोबल सोसाइटी की निर्माणाधीन साइट पर खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में कुल सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गांव में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

पोटका के पोहीत गांव में जैसे ही भागीरथ गोप और संजीव गोप की मौत की सूचना पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक गांव लाने की व्यवस्था की जाए और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।

रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाले गए शव

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया, जिसके बाद सात मजदूरों के शव बाहर निकाले गए। मृतकों की पहचान शिवशंकर, परमेश्वर मेहता, मंगल मेहता, भागीरथ गोप, सतीश, संजीव गोप और धनंजय मेहता के रूप में की गई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिवाड़ी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बताई जा रही है। मजदूरों का कहना है कि खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने की आशंका पहले से थी, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और निर्माण कंपनी के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *