PATNA
बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने रविवार को औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कर दी। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, लेसी सिंह सहित पार्टी के कई नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
सदस्यता के बाद मंदिर जाकर किया पूजन
जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार सबसे पहले पटना जंक्शन के पास स्थित महावीर मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत के लिए आशीर्वाद लिया।
पार्टी को मजबूत करने का लिया संकल्प
अपने पहले राजनीतिक संबोधन में निशांत कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे सक्रिय सदस्य के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी निभाने और संगठन को मजबूत करने की पूरी कोशिश करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का जो निर्णय लिया है, वह उनका निजी फैसला है और वे उसका सम्मान करते हैं। निशांत ने कहा कि वे अपने पिता के मार्गदर्शन में काम करते हुए पार्टी और जनता के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
नीतीश कुमार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की बात
निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के लिए जो काम किया है, उसे वे जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, बिहार की जनता और देशवासियों से अपील की कि वे नीतीश कुमार पर अपना विश्वास बनाए रखें और उनका मनोबल मजबूत रखें।
