मानवाधिकार आयोग की पहल: छपरा में बड़ी कार्रवाई, आर्केस्ट्रा डांस करते 9 नाबालिग लड़कियां छुड़ाई गईं

 

CHHAPRA

सारण जिले में नाबालिग लड़कियों के शोषण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त छापेमारी कर नौ नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया। कार्रवाई गड़खा थाना क्षेत्र समेत अन्य इलाकों में की गई। मौके से एक आर्केस्ट्रा कर्मी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।

वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के पत्र और जिले में चल रहे अभियान के आधार पर की गई। गड़खा थाना क्षेत्र स्थित एक आर्केस्ट्रा अड्डे की घेराबंदी कर छापेमारी की गई, जहां से नाबालिग लड़कियों को जबरन नृत्य कराने, प्रताड़ना और शोषण की आशंका के बीच बाहर निकाला गया।

पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई सभी लड़कियों का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें बालिका गृह भेजा जाएगा और परिजनों से संपर्क कर घर भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

एसएसपी ने बताया कि मई 2024 से अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 301 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया जा चुका है। इनमें नेपाल की लड़कियां भी शामिल हैं। इस अभियान के तहत अब तक 38 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 97 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। महिला थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि मुक्त कराई गई लड़कियों की पहचान की जा रही है और उनके गृह जिले व राज्य की जानकारी जुटाई जा रही है।

छापेमारी दल में महिला थाना पुलिस के साथ मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन (दिल्ली), नारायणी सेवा संस्थान (सारण), रेस्क्यू एंड रिलीफ फाउंडेशन (पश्चिम बंगाल) सहित अन्य थानों की पुलिस टीम शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *