RANCHI
खादगढ़ा बस स्टैंड में बसों में आगजनी की घटनाओं को लेकर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 1 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे खादगढ़ा बस स्टैंड में खड़ी छह बसों में आग लगने की घटना हुई थी। इस मामले की जांच चल ही रही थी कि 2 फरवरी को बस टर्मिनल के सामने खड़ी सीटी बस (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AF-6969) में दोबारा आग लगाने की कोशिश की गई, जिसे समय रहते बुझा दिया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में सामने आया कि आग लगने से ठीक पहले एक व्यक्ति हाथ में कपड़ा लिए बस में प्रवेश करता है और उसके बाहर निकलते ही बस में आग लग जाती है। इसके अलावा 1 फरवरी की घटना की फुटेज में भी यही व्यक्ति उस बस के पास आग लगने से करीब पांच मिनट पहले देखा गया था, जिसमें सबसे पहले आग लगी थी।
इस आधार पर लोअर बाजार थाना में कांड संख्या 31/2026 दिनांक 3 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(g)/327(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अर्जुन भोक्त (उम्र 32 वर्ष), पिता अकलु गंजू, निवासी पिपरा टोला, थाना सिकिदरी, जिला रांची को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक माचिस का डब्बा और एक लाइटर बरामद किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
