ED रेड के बाद ममता बनर्जी का बड़ा आरोप: ‘कोयला घोटाले का पैसा अमित शाह के पास पहुंचा, मेरे पास है सबूत’



CENTRAL DESK

प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक सलाहकार संस्था I-PAC के दफ्तर पर छापे के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का गुस्सा खुलकर सामने आया है। कोलकाता में ED की कार्रवाई के खिलाफ हुए बड़े प्रदर्शन के दौरान ममता ने केंद्र सरकार और खास तौर पर गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए।

ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनके पास पेन ड्राइव हैं, जिनमें कोयला घोटाले से जुड़ी अहम जानकारी मौजूद है। उनका कहना है कि इस घोटाले से जो पैसा कमाया गया, वह अंततः अमित शाह तक पहुंचा। ममता के मुताबिक यह रकम बीजेपी सांसद जगन्नाथ सरकार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के जरिए भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मेरे पास पेन ड्राइव हैं, लेकिन अपने पद की गरिमा के कारण मैं अब तक चुप हूं। अगर मुझे और मजबूर किया गया तो सारे सबूत सार्वजनिक कर दूंगी, तब पूरा देश हैरान रह जाएगा।” उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि राज्य में BSF और CISF जैसी केंद्रीय एजेंसियों की मौजूदगी के बावजूद कोयले की तस्करी कैसे हो रही है।

ममता बनर्जी ने चेतावनी देते हुए कहा कि वह देशहित में संयम बरत रही हैं, लेकिन अगर उन्होंने बोलना शुरू किया तो मामला सिर्फ देश तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि ED की छापेमारी का मकसद चुनाव से पहले उनकी पार्टी को नुकसान पहुंचाना है।

गौरतलब है कि ED ने कोयला घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में I-PAC के दफ्तर पर छापा मारा था। एजेंसी का दावा है कि अवैध कमाई को छिपाने और इधर-उधर करने वाले एक संगठन का I-PAC के साथ करोड़ों रुपये का लेन-देन सामने आया है। छापेमारी के दौरान ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंचीं और कुछ फाइलें व पेन ड्राइव अपने साथ ले जाने का आरोप भी सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *