अंडर-14 बालक वर्ग में झारखंड की दमदार मौजूदगी, राष्ट्रीय मंच पर उभरती खेल प्रतिभा का दिखा जज्बा

RANCHI

मध्य प्रदेश के गुना जिले स्थित उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता (SGFI) में झारखंड के नन्हे बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया है। अंडर-14 बालक वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों ने दो कांस्य पदक अपने नाम कर राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता 26 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक आयोजित की गई, जिसमें देश के 34 राज्यों और इकाइयों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। झारखंड की टीम ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपने जज्बे, तकनीक और अनुशासन से सभी का ध्यान खींचा।

झारखंड की बॉक्सिंग टीम ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में प्रतियोगिता में भाग लिया। टीम का नेतृत्व कोच/मैनेजर प्रवीण कुमार सिंह और अशरफ अली ने किया, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान अंडर-36 किलोग्राम भार वर्ग में आकाश रजक और अंडर-42 किलोग्राम भार वर्ग में राहुल कर्मकार ने कांस्य पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को राज्य में स्कूली खेलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्ष 2025 के अंतिम दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर दो पदक हासिल करना झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे राज्य में उभरती खेल प्रतिभाओं और उनके उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया।

इस उल्लेखनीय सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों, कोच और टीम प्रबंधन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *