BOKARO
कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल की पहल पर बोकारो जिले की सुनीति झा की लंबित पेंशन आखिरकार स्वीकृत हो गई। चास प्रखंड की शहरी निवासी सुनीति झा कई बार कार्यालय में दस्तावेज़ जमा करने के बावजूद पेंशन से वंचित थीं। मामले को सोशल मीडिया पर उठाते हुए ब्यूटी मंडल ने उपायुक्त बोकारो को टैग कर लिखित आग्रह किया था कि लगातार प्रक्रियागत देरी से बुज़ुर्ग महिला को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए पेंशन स्वीकृत कर उनका सहयोग किया जाए।
ब्यूटी मंडल की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए चंदनक्यारी विधायक उमाशंकर राजक ने भी मामले को गंभीरता से लिया और बोकारो उपायुक्त को निर्देश दिया कि सुनीति झा को तत्काल पेंशन से जोड़ा जाए।
विधायक और कांग्रेस नेता की पहल के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। उपायुक्त ने जवाब देते हुए पुष्टि की कि “सुनीति झा जी का पेंशन स्वीकृत कर दिया गया है।” इसके साथ ही संबंधित विभाग को भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश भी जारी कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया आधारित इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, जिसे डिजिटल माध्यम से उत्तरदायित्व और पारदर्शिता की मिसाल बताया जा रहा है।
