बोकारो में अमानवीय कारनामा:  भूख-प्यास से जूझते मां-बेटे को पुलिस ने छुड़ाया, प्रॉपर्टी के लिए 15 महीने तक रखा बंद

14th October 2025

Bokaro

प्रॉपर्टी हड़पने की साजिश में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला बोकारो से सामने आया है। यहां सेक्टर-6डी स्थित आवास संख्या 2517 में चास के वंशीडीह निवासी मां-बेटे को 15 महीनों तक कैद में रखे जाने का खुलासा हुआ है। सोमवार को सूचना मिलने पर सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और ताला तोड़कर दोनों को मुक्त कराया।

पीड़ित बेटे संतोष सिंह ने बताया कि सेक्टर-3 निवासी अशोक सिंह ने किसी केस में मदद के नाम पर उन्हें पैसे दिए थे। बाद में उन्हीं पैसों की वसूली और प्रॉपर्टी अपने नाम करवाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मां-बेटे को बंधक बना लिया।

थाना प्रभारी संगीता के मुताबिक, दोनों की हालत बेहद खराब थी। उन्हें भोजन और दवा के लिए भी मोहताज होना पड़ा। घर से बाहर निकलने पर रोक थी, इसलिए संतोष रस्सी से झोला नीचे लटकाकर गुजरने वालों से खाने-पीने का सामान मंगाते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी अशोक सिंह खुद को कांग्रेस नेता बताता है।

पीड़ित संतोष ने बताया कि अशोक सिंह ने पहले उसकी मां से अधिवक्ता नीतीश टंडन के जरिए मुलाकात कराई थी और केस में आर्थिक मदद का भरोसा दिया था। बाद में उसने चास स्थित प्रॉपर्टी पर पावर ऑफ अटॉर्नी भी अपने नाम करा लिया और 23 जुलाई 2024 से दोनों को क्वार्टर में बंद कर दिया।

पहले से जेल में है आरोपी
सेक्टर-3 निवासी अशोक सिंह को चीराचास थाना पुलिस ने 12 अक्टूबर को एक अन्य मामले में — छेड़खानी और अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस संबंध में चीराचास थाना में कांड संख्या 101/2025 दर्ज है। अब सेक्टर-6 थाना पुलिस मां-बेटे के बयान के आधार पर नई प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी में है।

Ads Jharkhand Ads Jharkhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *