RANCHI
ऐतिहासिक राजकीय मुड़मा मेला की तैयारियों का अंतिम निरीक्षण मंगलवार को राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने किया। मंत्री मेला परिसर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ स्थल का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह मेला आदिवासी-मूलवासी समाज के लिए बेहद खास है और झारखंड की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है।
8 और 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस राजकीय मेले में देशभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचने वाले हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला में आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
मेले में सुरक्षा, मनोरंजन, खाने-पीने और साज-सज्जा की पूरी व्यवस्था की गई है। शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि यह मेला न सिर्फ झारखंड बल्कि पड़ोसी राज्यों में भी लोकप्रिय है। हर साल इसकी गरिमा और भागीदारी बढ़ती जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने ‘पंचम’ नामक दुकानदार की दुकान से पीतल से बनी ढोल-नगाड़ा बजाते ग्रामीणों की मूर्ति और मोर की प्रतिमा खरीदी। दुकानदार पंचम ने मंत्री को अपनी कारीगरी और मूर्तियों के निर्माण की प्रक्रिया के बारे में बताया।
इस मौके पर SDO उत्कर्ष गुप्ता, ट्रैफिक एसपी, ग्रामीण एसपी, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ-सीओ, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, मुजीबुल्ला, सरिता तिग्गा, सेराफिना मिंज, बंधु उरांव, शमीम अख्तर, आबिद अंसारी, मैरी समेत कई स्थानीय प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
