RANCHI
रक्षाबंधन के पावन पर्व का उत्साह रांची समाहरणालय परिसर में भी देखने को मिला। समाहरणालय ब्लॉक-ए के प्रांगण में गवर्नमेंट मिडिल स्कूल नवीन आरक्षी, रांची-1 की छात्राओं ने जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को हैंडमेड राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
छात्राओं द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई राखी पाकर उपायुक्त ने आत्मीयता के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं से बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई और स्कूल से जुड़ी जानकारी ली तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपायुक्त ने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा उनके बेहतर भविष्य और आत्मनिर्भर जीवन की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
छात्राओं को पढ़ाई के लिए मिला उपहार
रक्षाबंधन के अवसर पर उपायुक्त ने छात्राओं को उपहार स्वरूप स्टेशनरी किट भी भेंट की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन की ओर से सरकारी स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है, ताकि हर बच्चे को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिल सके।
समाहरणालय परिसर में छात्राओं के साथ मनाया गया यह रक्षाबंधन कार्यक्रम शिक्षा, स्नेह और प्रशासन के साथ बच्चों के जुड़ाव का भावपूर्ण अवसर बना।


