RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रक्षाबंधन के अवसर पर राज्यवासियों से सखी मंडल की महिलाओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां खरीदने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन राखियों को खरीदना केवल त्योहार की परंपरा निभाना नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना भी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हर साल की तरह इस बार भी सखी मंडल की माताओं-बहनों ने अपने स्नेह, हुनर और मेहनत से खूबसूरत राखियां तैयार की हैं। उन्होंने लोगों से इन राखियों को खरीदकर महिलाओं के स्वावलंबन को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि एक राखी की खरीदारी किसी बहन की मेहनत, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का सम्मान है। उन्होंने राज्यवासियों से इस पहल से जुड़ने की अपील की।
पूर्वी सिंहभूम में ‘राखी पलाश स्टॉल’ शुरू
रक्षाबंधन के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम में ‘राखी पलाश स्टॉल’ भी शुरू किया गया है। JSLPS के अनुसार, स्टॉल पर सखी मंडल की महिलाओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उनके आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। त्योहार के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर से आय अर्जित करने का अवसर भी मिल रहा है।


