RANCHI
राजधानी रांची में नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार को आंदोलनकारी छात्रों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण वार्ता संपन्न हुई। बैठक के बाद छात्रों ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि सरकार के साथ विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई है।
सरकार की ओर से वार्ता में चार मंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष प्रक्रिया और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को सरकार के समक्ष विस्तार से रखा। वहीं, सरकार ने भी छात्रों की बातों को गंभीरता से सुना।
गौरतलब है कि राजधानी रांची में पिछले 10 दिनों से छात्र आंदोलन जारी है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी नियुक्ति परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच यह वार्ता आयोजित की गई।
बैठक समाप्त होने के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने कहा कि बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से आगे उठाए जाने वाले ठोस कदमों के बाद ही आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।
