आदिवासी महोत्सव की तैयारियां तेज, मोराबादी मैदान पहुंचीं ACS वंदना दादेल, कहा- इसे यादगार बनाएंगे



RANCHI

राज्य सरकार के बहुप्रतीक्षित आदिवासी महोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में प्रशासन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती वंदना दादेल ने बुधवार को रांची के मोराबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे निर्माण एवं अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन तथा आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति के अनुरूप भव्य, व्यवस्थित और यादगार होना चाहिए।

मंच, स्टॉल, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर

अपर मुख्य सचिव ने आयोजन स्थल पर बन रहे मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक एजेंसी अपनी जिम्मेदारी समय पर पूरी करे, ताकि महोत्सव का आयोजन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान सुरक्षा और आगंतुकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभाग पहले से समन्वित कार्ययोजना बनाकर तैयार रहें।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, TRI के निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *