SIR: 5 अगस्त को जारी होगा वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट, 4 सितंबर तक कराएं सुधार


RANCHI

झारखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान बुधवार, 5 अगस्त से शुरू होगा। इस दौरान मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया जाएगा और एक महीने तक नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन सहित अन्य दावा एवं आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। यह प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 तक चलेगी।

मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव के. रवि कुमार ने 31 जुलाई को इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य के सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों और मतदान केंद्रों पर 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसी दिन से #NewVoters सोशल मीडिया अभियान भी शुरू किया जाएगा, ताकि नए मतदाताओं को जागरूक किया जा सके।

दो चरणों में लगेंगे विशेष शिविर

निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर दो चरणों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर 8 और 9 अगस्त को तथा दूसरा 22 और 23 अगस्त को आयोजित होगा। इन शिविरों में मतदाता अपना नाम जुड़वाने, हटाने, पता या अन्य विवरण में सुधार कराने के लिए आवेदन दे सकेंगे।

15 अगस्त को पंचायत भवनों में होगी ग्राम सभा

मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन और आवश्यक सुझाव लिए जाएंगे।

घर-घर जाकर होगा सत्यापन

निर्वाचन विभाग 25 अगस्त से 4 सितंबर तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान भी चलाएगा। इस दौरान संबंधित अधिकारी घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो। यदि किसी मतदाता का नाम गलत मतदान केंद्र में दर्ज है तो उसे प्रपत्र-8 के माध्यम से सही मतदान केंद्र में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

समय पर सत्यापन कराने की अपील

निर्वाचन विभाग ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान अपने नाम और विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। यदि नाम जोड़ना, हटाना या किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो तय समय के भीतर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराकर मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *