नई जिम्मेदारी संभालते ही डॉ. अमरेन्द्र प्रसाद का सम्मान, जनसेवा को बताया सबसे बड़ी प्राथमिकता

RANCHI


सदर अस्पताल, रांची के नवनियुक्त सिविल सर्जन डॉ. अमरेन्द्र प्रसाद के पदभार ग्रहण करने के उपलक्ष्य में शिक्षाविद् एवं समाजसेवियों ने शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर शिक्षाविद् सह समाजसेवी डॉ. रीझु नायक, रमेश कुमार, डॉ. उपेन्द्र कुमार एवं सोनू सपवार ने कहा कि डॉ. अमरेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएँ और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता एवं संवेदनशील नेतृत्व से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध होंगी तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
सम्मान ग्रहण करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अमरेन्द्र प्रसाद ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आप सभी का यह सम्मान मेरे लिए प्रेरणास्रोत है। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आम जनता की सेवा के लिए सदैव उपलब्ध रहूँगा। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर इलाज, मानवीय व्यवहार और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नवपदस्थापित सिविल सर्जन के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में रांची जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा एवं गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *